अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से मुंबई के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी उड़ान 29 मार्च से फिर शुरू होने जा रही है। यह सेवा 30 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। गया एयरपोर्ट कार्यालय की जानकारी के अनुसार, इंडिगो की यह उड़ान गया हवाई अड्डे पर दोपहर 3:20 बजे लैंड करेगी।
वापसी में विमान दोपहर 3:50 बजे गया से मुंबई के लिए प्रस्थान करेगा। समर सीजन के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह सेवा शुरू की जा रही है। वहीं, एयर इंडिया की एक सेवा बंद होने की संभावना है, जिसके स्थान पर एयर इंडिया एक्सप्रेस शुरू होने की संभावना है।
इस सीधी उड़ान सेवा के शुरू होने से गया और आसपास के जिलों के यात्रियों को मुंबई आने-जाने में सुविधा मिलेगी। खासकर व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्रा करने वाले लोग इससे लाभान्वित होंगे।
एयरपोर्ट निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि समर सीजन में यात्रियों की सुविधा और मांग को देखते हुए यह सेवा सीमित अवधि के लिए शुरू की जा रही है, लेकिन भविष्य में इसे नियमित रूप से चलाने की संभावना भी है।
















