पीएम मोदी ने मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कभी उत्तराखंड के गांव में सड़क के इंतजार में पीढ़ियां बदल जाती थीं। आज डबल इंजन सरकार के प्रयास से सड़क गांव तक पहुंच रही है। जो गांव वीरान थे आज फिर बस रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र जीवन से जोड़कर देखूं तो राष्ट्र की भाग्य रेखाएं कौन सी हैं, तो वे हमारी सड़कें, हाईवे, एयरवे, रेलवे वॉटर-वे हैं। ये आज की सुविधाएं नहीं हैं। आने वाली पीढ़ी के लिए हमारी, मोदी की गांरटी है। उन्होंने कहा कि हम अपने देश की बेटियों को 2029 के चुनावों में उनका हक देकर रहेंगे। इसके लिए हम संसद में महिला आरक्षण बिल ला रहे हैं।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कॉरिडोर 213 किमी लंबा, 6 लेन और एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर 12,000 करोड़ रुपए की लागत से बना है। यह दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ता है और इसके शुरू होने से दिल्ली-देहरादून के बीच की दूरी 6 घंटे से घटकर करीब ढाई घंटे रह जाएगी।
इससे पहले पीएम ने देहरादून में 16 किमी लंबा रोड शो किया। वे सुबह 11 बजे देहरादून पहुंचे और यहां से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर रवाना हुए, जहां उन्होंने रोड शो किया। इसके बाद उन्होंने एक्सप्रेसवे पर बने एशिया के सबसे लंबे 12 किमी एलिवेटेड वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया, जो देहरादून से सहारनपुर के बीच बनाया गया है।
















