छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान प्रेशर आईईडी विस्फोट में 11 जवान घायल हो गए। शनिवार को तीन और रविवार को आठ जवान विस्फोट की चपेट में आए। घायलों में एक कोबरा बटालियन का जवान गंभीर रूप से घायल है, जबकि 10 डीआरजी जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रायपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मालूम हो कि छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा से लगे कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों को निशाना बनाकर हाल ही में करीब 22 हजार जवानों ने 21 दिनों तक सघन अभियान चलाया था। इस अभियान में सुरक्षा बलों ने 36 माओवादियों को मार गिराया था।
अभियान की सफलता के बाद कर्रेगुट्टा और बीजापुर के 13 अन्य स्थानों पर आजादी के बाद पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया। ताड़पाला कैंप में सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन ने पहली बार ध्वजारोहण किया।
घटना के बावजूद जवानों का हौसला कायम रहा और उन्होंने माओवादियों के गढ़ में गर्व के साथ तिरंगा फहराया। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च और एंटी-माओवादी अभियान को और तेज कर दिया है।
















