कर्नाटक के विजयपुरा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां रविवार को एक प्राइवेट ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए। यह हादसा बालेश्वर तालुका के मंगलोर गांव में हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हल्का ट्रेनिंग विमान रेड बर्ड एविएशन का था और इसमें दो लोग सवार थे, जिनमें से एक कैप्टन और दूसरा ट्रेनी पायलट था। पुलिस का अनुमान है कि विमान के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एयरक्राफ्ट कलबुर्गी से बेलगावी की ओर जा रहा था, तभी अचानक यह दुर्घटना हुई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एयरक्राफ्ट क्रैश के कारणों की जांच जारी है और घटना स्थल पर टीम अब भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि शुरुआती अनुमान इंजन में तकनीकी खराबी का लगाया जा रहा है, लेकिन पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम कारण सामने आएगा। स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के समय विमान अचानक नीचे गिरा और उसे नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन इसे रोका नहीं जा सका।
बालेश्वर पुलिस ने मौके पर सुरक्षा और जांच की व्यवस्था की है। पुलिस अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ मिलकर एयरक्राफ्ट के ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच कर रहे हैं, ताकि पता चल सके कि हादसा पूरी तरह से इंजन की खराबी के कारण हुआ या कोई और वजह भी शामिल थी।
घटना के बाद आसपास के गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और आसपास के किसान घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद करने की कोशिश की। प्रशासन ने घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में विशेष इंतजाम किए और उनके परिवार वालों को सूचित किया।
इस मामले में अभी और विवरण का इंतजार है। जांच अधिकारी इसे गंभीर मामला मान रहे हैं और दुर्घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर रिपोर्ट तैयार करेंगे। इस हादसे ने विजयपुरा में प्राइवेट ट्रेनिंग विमानों की सुरक्षा और तकनीकी जांच पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
















