रायगढ़, 14 जनवरी। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में जिलेभर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कुल 38 मामले दर्ज किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13.01.2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान कई चालकों में शराब सेवन की पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
थाना वार कार्रवाई का विवरण इस प्रकार रहा—
- थाना कोतरारोड़ – 6 प्रकरण
- थाना यातायात, जूटमिल, पुसौर, लैलूंगा – 5-5 प्रकरण
- थाना चक्रधरनगर – 4 प्रकरण
- थाना खरसिया – 3 प्रकरण
- थाना तमनार एवं घरघोड़ा – 2-2 प्रकरण
- चौकी खरसिया – 1 प्रकरण
यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि वर्तमान में जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस दौरान एक ओर आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी बेहद खतरनाक है। इसी कारण ऐसे जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस की अपील: वाहन चलाते समय शराब या किसी भी नशे से दूर रहें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित सड़क व्यवस्था में सहयोग करें।
















