अगर आप छत्तीसगढ़ में रहते हैं और आने वाले दिनों में ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। दरअसल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जांजगीर नैला–चांपा रेलखंड पर तकनीकी कार्य होने के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस सेक्शन में गर्डर डिलांचिंग का काम किया जाना है, जिसके चलते 22 जनवरी से 25 जनवरी तक कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनें अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचेंगी और बीच रास्ते में ही समाप्त होंगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस दौरान कुल 6 ट्रेनें रद्द रहेंगी, वहीं 2 ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो। प्रभावित ट्रेनों की सूची और वैकल्पिक व्यवस्थाओं की जानकारी नजदीकी रेलवे स्टेशनों और रेलवे के आधिकारिक माध्यमों पर उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे के अनुसार, यह कार्य रेल लाइन को और मजबूत बनाने तथा भविष्य में सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए किया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
इन ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित
इससे पहले रेलवे ने 17 और 18 जनवरी को भी कुछ ट्रेनों को रद्द किया था। बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन दो दिन नहीं चली थी। बिलासपुर रेल मंडल के कोटमीसोनार-जयरामनगर सेक्शन के बीच ट्रैफिक ब्लॉक लेकर मेंटेनेंस वर्क किया गया था। इसके चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने और गुजरने वाली कुछ ट्रेनें प्रभावित थी
रद्द ट्रेनें
- दिनांक 23 एवं 25 जनवरी 2026 को रायगढ़ से चलने वाली 68737 रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- दिनांक 23 एवं 25 जनवरी 2026 को बिलासपुर से चलने वाली 68738 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- दिनांक 23 एवं 25 जनवरी 2026 को रायगढ़ से चलने वाली 68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- दिनांक 22 एवं 24 जनवरी 2026 को बिलासपुर से चलने वाली 68736 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- दिनांक 23 एवं 25 जनवरी 2026 को कोरबा से चलने वाली 68731 कोरबा-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- दिनांक 23 एवं 25 जनवरी 2026 को बिलासपुर से चलने वाली 68732 बिलासपुर-कोरबा मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
बीच में समाप्त/प्रारम्भ होने वाली ट्रेनें
- दिनांक 23 एवं 25 जनवरी 2026 को गोंदिया से चलने वाली गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी तथा बिलासपुर-झारसुगुड़ा के मध्य रद्द रहेगी।
- इसी प्रकार दिनांक 23 एवं 25 जनवरी 2026 को झारसुगुड़ा से चलने वाली गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी तथा झारसुगड़ा-बिलासपुर के मध्य रद्द रहेगी।
















