आज भारतीय शेयर बाजार के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (RBI MPC Meeting) शुक्रवार को सुबह 10 बजे अपना निर्णय सुनाएगी। निवेशक इस बैठक के परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इससे ब्याज दरों, महंगाई के दृष्टिकोण, आर्थिक विकास और रुपये की स्थिरता के बारे में महत्वपूर्ण संकेत मिलेंगे।
इससे ठीक पहले घरेलू बाजार में सुस्ती के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, गुरुवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) को सरकारी प्रतिभूतियों के तहत टैक्स बेनिफिट दिए जाने की खबरों से बाजार में थोड़ी राहत दिखी थी और बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, शॉर्ट टर्म में भारतीय बाजार सीमित दायरे में कारोबार कर सकता है।
GIFT Nifty से क्या मिले संकेत
NSE IX पर GIFT Nifty 12.50 अंक या 0.05% की मामूली बढ़त के साथ 23,551 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है, जो दलाल स्ट्रीट (Dalal Street) के लिए एक शांत या सुस्त शुरुआत का इशारा है।
बाजार में उतार-चढ़ाव और डर को मापने वाला इंडिया विक्स (India VIX) 2.4% गिरकर 15.88 के स्तर पर आ गया है, जो बाजार में थोड़ी स्थिरता का संकेत है।
अमेरिकी और एशियाई बाजारों में क्या हुआ?
गुरुवार को वॉल स्ट्रीट बढ़त के साथ बंद हुआ। ईरान विवाद सुलझने की उम्मीदों से बाजार को सहारा मिला। हालांकि, ब्रॉडकॉम के कमजोर नतीजों के कारण सेमीकंडक्टर शेयरों में बिकवाली देखी गई, जिससे नैस्डैक (Nasdaq) की बढ़त सीमित रही
आज सुबह एशियाई बाजारों में गिरावट का रुख है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ट्रेड को लेकर जो उत्साह था, वो अब थोड़ा ठंडा पड़ता नजर आ रहा है। जापान का Topix सपाट है, ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 करीब 0.6% टूट चुका है, और S&P 500 फ्यूचर्स में भी 0.5% की गिरावट दर्ज की गई है।
कच्चा तेल
कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता देखी जा रही है। हिजबुल्लाह द्वारा लेबनान में नए सीजफायर प्रस्ताव को खारिज करने के बाद अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदें थोड़ी धुंधली हुई हैं।
आज किन शेयर्स में दिखेगा बड़ा एक्शन और क्यों?
Aurobindo Pharma
फार्मा दिग्गज को अमेरिकी रेगुलेटर USFDA से ‘टोफैसिटिनिब टैबलेट्स’ (5mg और 10mg) को बनाने और बेचने की अंतिम मंजूरी मिल गई है। यह दवा रूमेटाइड अर्थराइटिस (Rheumatoid Arthritis) के इलाज में काम आती है। कंपनी इसे तुरंत बाजार में लॉन्च करने जा रही है।
CG Power and Industrial Solutions
कंपनी ने महाराष्ट्र के नासिक में अपनी नई एक्स्ट्रा-हाई-वोल्टेज (EHV) स्विचगियर मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी को चालू (Commissioned) कर दिया है। इससे कंपनी की उत्पादन क्षमता मजबूत होगी।
















