टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। इस दमदार जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ही सिमट गई।
ईशान किशन की शानदार पारी, भारत को मिला बड़ा स्कोर
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा और ईशान किशन ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन की तूफानी पारी खेली। उनके आउट होने के बाद कुछ समय के लिए टीम लड़खड़ाई, लेकिन सूर्यकुमार यादव (32 रन), तिलक वर्मा (25 रन) और शिवम दुबे (27 रन) ने उपयोगी योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने 3 विकेट लिए।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी रही कमजोर
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। साहिबजादा फरहान बिना खाता खोले आउट हो गए। सैम अयूब (6 रन), सलमान आगा (4 रन) और बाबर आजम (5 रन) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। टीम ने 13 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिए थे। बाद में उस्मान खान (44 रन) और शादाब खान (14 रन) ने कुछ संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। पाकिस्तान के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए।
भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत का दबदबा कायम
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक टी20 वर्ल्ड कप में 9 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से भारत ने 8 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक बार जीत मिली है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने एक बार फिर इस टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा है।
















