रायगढ़, 2 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में महिला और नाबालिगों से जुड़े मामलों में पुलिस लगातार सख्त और त्वरित कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना पुसौर पुलिस ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब एक माह से गिरफ्तारी के डर से छिपा हुआ था।
पीड़िता ने 28 दिसंबर 2025 को थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह सहेली के साथ स्कूटी से स्कूल आती-जाती थी। इस दौरान मनोज खड़िया नामक युवक उसका पीछा करता और अश्लील इशारे करता था, जिसे वह अनदेखा करती रही।
पीड़िता ने आगे बताया कि 27 दिसंबर 2025 को वह सहेली के साथ बाजार जा रही थी, तभी आरोपी ने उनसे मोबाइल नंबर मांगा। मना करने पर आरोपी ने उसका बायां हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले में थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 351/2025 धारा 75(2), 78(1) भारतीय न्याय संहिता एवं 12 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी पुसौर रामकिंकर यादव के नेतृत्व में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
आज आरोपी के अपने गांव में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी मनोज कुमार खड़िया, पिता स्वर्गीय उत्तम खड़िया, उम्र 20 वर्ष, निवासी पुसौर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिगों के खिलाफ अपराधों में कड़ी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ काम किया जाएगा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर समयसीमा में चालान न्यायालय में पेश किया जाएगा।
















