रायगढ़, 9 फरवरी 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुनुंद निवासी प्रदीप त्रिपाठी बाजार चौक मुनुंद के पास थैले में गांजा रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रदीप त्रिपाठी बताया और गांजा रखने की बात स्वीकार की।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 800 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 8,800 रुपये बताई जा रही है, और गांजा बिक्री की नकद रकम 4,250 रुपये जब्त की गई। इस तरह कुल 13,050 रुपये की जब्ती की गई।
आरोपी प्रदीप त्रिपाठी पिता बसंत त्रिपाठी, उम्र 44 वर्ष, निवासी मुनुंद दुर्गा चौक, थाना छाल जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के खिलाफ थाना छाल में अपराध क्रमांक 17/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, उप निरीक्षक मदन पटले, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर सिंह क्षत्री, आरक्षक सतीश जगत, भगवती प्रसाद लक्ष्मे और महिला आरक्षक एमरेंसिया टोप्पो की अहम भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर सख्त नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
















