रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया से दिनदहाड़े चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिला अध्यक्ष प्रतिनिधि रविंद्र गवेल के पेट्रोल पंप पर शातिर चोर ने चालाकी से मैनेजर को बहला-फुसलाकर केबिन से 2 लाख 10 हजार रुपये की नकदी पार कर दी।
घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। एक स्कूटी सवार युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और अपनी गाड़ी खराब होने का बहाना बनाने लगा। बातचीत के दौरान उसने मैनेजर को मदद के लिए राजी कर लिया और बाइक पर बैठाकर हाईवे की ओर ले गया।
जैसे ही मैनेजर केबिन से दूर हुआ, युवक उसे रास्ते में उतारकर वापस पेट्रोल पंप पहुंचा। इसके बाद खाली केबिन से 2.10 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
रविंद्र गवेल की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद केबिन को असुरक्षित छोड़ने को लेकर लापरवाही की भी चर्चा हो रही है। वहीं, इस वारदात ने व्यापारियों को सतर्क रहने का संदेश दिया है कि अनजान लोगों पर भरोसा करना नुकसानदेह साबित हो सकता है।
















