*रायगढ़, 8 फरवरी 2026*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में रायगढ़ शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने बोईरदादर इलाके में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। यह पिछले एक सप्ताह में पीटा एक्ट के तहत तीसरी प्रभावी कार्रवाई है।
पुलिस को 7 फरवरी को सूचना मिली कि बोईरदादर निवासी नारायण वैष्णव महिलाएं बुलाकर देह व्यापार करवा रहा है। जांच के लिए पुलिस ने एक प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। संकेत मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस, साइबर थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने रेड की।
रेड के दौरान आरोपी नारायण वैष्णव और एक संदिग्ध महिला मकान में पाए गए। पूछताछ और साक्ष्यों से पता चला कि आरोपी पैसों के लालच में महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराता था और खुद इसकी दलाली करता था। आरोपी के कब्जे से ₹2,000 नकद, 2 मोबाइल (ओप्पो और रेडमी) और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

आरोपी के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 और 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक जी.एल. साहू, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, शांति मिरी, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल एवं नवीन शुक्ला और महिला थाना की मालती पैंकरा, महिला आरक्षक इंदुलता एक्का एवं एलीसा टोप्पो की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
नारायण वैष्णव, पिता भुवनेश्वर वैष्णव, उम्र 55 वर्ष, निवासी बोईरदादर, चर्च के पास, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़
एसएसपी का सख्त संदेश:
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “रायगढ़ में अवैध मादक पदार्थों, जुआ-सट्टा, कबाड़ और देह व्यापार जैसी सामाजिक बुराइयों को जगह नहीं दी जाएगी। ऐसे अपराधों में शामिल लोग स्वयं सुधर जाएँ, अन्यथा पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी।”
















