सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई। कोर्ट के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए संदेश में कथित तौर पर विस्फोट की साजिश का जिक्र किया गया था।
ईमेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मौके पर जगुआर की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचकर पूरे परिसर की गहन जांच कर रही है। कोर्ट के आसपास आने-जाने वालों की सख्ती से जांच की जा रही है और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

आईपी एड्रेस चेक किया जा रहा है, मेल कहां से
प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि जिस ईमेल आईडी से रांची सिविल कोर्ट को धमकी भेजी गई है, उसी आईडी से अन्य जिलों में भी इसी तरह के संदेश भेजे गए हो सकते हैं।
इस पहलू को ध्यान में रखते हुए साइबर सेल को तकनीकी जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि धमकी भेजने वाले की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
















