वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग 135 पर ड्रमंडगंज बड़का मोड़ के पास बुधवार रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि चना लदे एक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद उसने पहले एक कंटेनर को टक्कर मारी और फिर बोलेरो व शिफ्ट डिजायर कार से जा भिड़ा।
हादसे के दौरान बोलेरो डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसमें आग लग गई। आग लगने के बाद बोलेरो में सवार 8 लोग जिंदा जल गए। वहीं दूसरी कार में भी एक-दो लोगों की मौत की सूचना है।
घटना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीओ लालगंज अमर बहादुर और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार लोग मध्य प्रदेश से मिर्जापुर की ओर जा रहे थे। आग की वजह से वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
















