छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है। भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट में आग लगने से 7 मजदूर झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि टरबाइन सेक्शन में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैली जिससे चारों ओर धुएं का गुबार छा गया।
प्लांट के PBS-2 यूनिट में टरबाइन में अचानक हुए जोरदार ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।हादसे में 7 कर्मी और ठेका मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
आग लगते ही प्लांट में मौजूद कर्मचारियों और मजदूरों में दहशत फैल गई। कई लोग जान बचाने के लिए पीछे के रास्तों से भागते नजर आए। मौके पर 6 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच चुकी हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
प्रशासन और प्लांट प्रबंधन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टरबाइन ब्लास्ट को ही मुख्य वजह माना जा रहा है।
















