भारतीय रेलवे 1 मार्च से जनरल टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला UTS (Unreserved Ticketing System) ऐप बंद करने जा रही है। रेलवे ने साफ किया है कि यात्रियों को अब नई सुपर ऐप RailOne का उपयोग करना होगा।
अब तक UTS ऐप के जरिए यात्री जनरल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट ऑनलाइन खरीद सकते थे। 1 मार्च के बाद ये सभी सुविधाएं RailOne ऐप पर उपलब्ध होंगी। इस ऐप को रेलवे ने पिछले साल लॉन्च किया था।
RailOne बनेगा वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म
RailOne ऐप को रेल यात्रियों के लिए एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है। इसमें जनरल टिकट, रिजर्व टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने की सुविधा मिलती है।
इसके अलावा यात्री IRCTC Rail Connect, NTES (ट्रेन रनिंग स्टेटस), Rail Madad और फूड ऑन ट्रैक जैसी कई सेवाओं का भी इस्तेमाल इसी ऐप के जरिए कर सकते हैं।
UTS ऐप के R-Wallet का क्या होगा?
रेलवे के अनुसार, UTS ऐप के R-Wallet में मौजूद बैलेंस RailOne ऐप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। यात्री IRCTC या UTS के पुराने लॉगिन आईडी और पासवर्ड से RailOne में लॉगिन कर सकते हैं। इससे उनका वॉलेट बैलेंस सुरक्षित रहेगा और वे उसी रकम का उपयोग आगे भी कर पाएंगे।
जनरल टिकट पर 3% तक की छूट
RailOne ऐप पर फिलहाल जनरल टिकट बुकिंग पर 3 प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जा रहा है। हालांकि यह छूट केवल डिजिटल भुगतान पर ही मिलेगी। यात्रियों को UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए भुगतान करना होगा।
रेलवे के मुताबिक यह ऑफर 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगा।
रेलवे का कहना है कि RailOne ऐप से टिकटिंग प्रक्रिया और ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। यात्रियों को अब अलग-अलग ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी।















