देशभर में मौसम का मिजाज अब बदलता नजर आ रहा है। कई राज्यों में ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है और दिन के तापमान में बढ़ोतरी के कारण दोपहर में हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। वहीं, कुछ इलाकों में मौसम अचानक बदल रहा है। छत्तीसगढ़ में भी ठंड खत्म होने के बाद मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। सोमवार दोपहर के बाद कई जगहों पर हल्की बारिश हुई।
कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले और रायगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। वहीं वाड्रफनगर और आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
बारिश और ओलावृष्टि को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, बारिश और ओले गिरने की संभावना बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।
आज कैसा रहेगा मौसम ?
दक्षिण बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रवाती सिस्टम के असर से राजधानी रायपुर में तापमान करीब 3 डिग्री तक गिर गया है। इससे मौसम सुहावना बना हुआ है। मंगलवार को शहर में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, हवा की रफ्तार धीमी और नमी ज्यादा होने से सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।
















