आम बजट 2026 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है, लेकिन इसे पेश किए जाने की तारीख को लेकर अभी भी असमंजस बना हुआ है। वजह यह है कि 1 फरवरी इस बार रविवार को पड़ रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सरकार इस दिन बजट पेश करेगी या फिर तारीख में बदलाव किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार आज ही इस पर अंतिम फैसला ले सकती है।
2025 में शनिवार को पेश हुआ था बजट
सूत्रों ने बताया कि 1 फरवरी को बजट पेश करने का प्रस्ताव रखा गया है, जो इस साल रविवार को पड़ रहा है। इससे पहले, CNBC-TV18 की रिपोर्ट में बताया गया था कि वित्त मंत्रालय 1 फरवरी को बजट की तैयारी कर रहा है। वहीं, पिछले साल वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को बजट पेश किया था, और इस दिन शेयर बाजार भी छुट्टी के दिन खुला हुआ था।
आमतौर पर, बजट 1 फरवरी को पेश किया जाता है, जिससे संसद को 1 अप्रैल से शुरू होने वाले नए फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत से पहले प्रस्तावों की समीक्षा करने और उन्हें लागू करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है।
मोदी सरकार के पहले वित्त मंत्री रहे दिवंगत अरुण जेटली ने भी 2015 और 2016 में बजट 28 फरवरी को पेश किया था, और संयोग से ये दोनों ही बजट शनिवार के दिन आए थे।
बता दें कि बजट 2026 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार आठवां बजट होगा, जबकि आज़ादी के बाद यह देश का 80वां आम बजट माना जाएगा।
















