भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) अगले महीने यात्रियों के लिए राजस्थान भ्रमण का खास टूर पैकेज लेकर आया है। आईआरसीटीसी ने बुधवार को “उदयपुर से जैसलमेर : राजस्थान हेरिटेज टूर” पैकेज लॉन्च किया, जो 20 फरवरी से शुरू होगा। यह टूर छह रात और सात दिन का होगा।
इस टूर के तहत पर्यटकों को उदयपुर, माउंट आबू, जोधपुर और जैसलमेर की सैर कराई जाएगी। जैसलमेर में पर्यटकों को डेजर्ट कैंप का विशेष अनुभव भी मिलेगा। यह हवाई यात्रा लखनऊ से शुरू होगी। यात्रा के दौरान पर्यटक उदयपुर की खूबसूरत झीलों और ऐतिहासिक महलों, माउंट आबू के प्रसिद्ध दिलवाड़ा जैन मंदिर, जोधपुर के भव्य मेहरानगढ़ किले और जैसलमेर के थार मरुस्थल में कैंपिंग का आनंद ले सकेंगे।

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि दो लोगों के एक साथ ठहरने पर प्रति यात्री पैकेज शुल्क 55,200 रुपये रखा गया है, जबकि तीन लोगों के साथ ठहरने पर प्रति यात्री 53,200 रुपये का खर्च आएगा। इस टूर की बुकिंग गोमतीनगर स्थित पर्यटन भवन में आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय, आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com और हेल्पलाइन नंबर 9236391909 के माध्यम से की जा सकती हैं।
















