हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले के दौरान एक झूला अचानक टूटकर गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में झूले की चपेट में आने से 13 लोग घायल हो गए। वहीं घायलों को बचाने की कोशिश में इंस्पेक्टर रैंक के एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई।
बताया जा रहा है कि ‘सुनामी’ नाम का झूला अचानक टूटकर गिरा। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एहतियातन घटनास्थल को बैरिकेड कर दिया है। मौके पर जिला उपायुक्त और पुलिस कमिश्नर समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
इसी बीच मेले में एक और घटना सामने आई। गेट नंबर-2 के पास बना स्वागत द्वार गिर गया, जिससे दो लोग घायल हो गए। डीसीपी मकसूद अहमद ने बताया कि हादसों की जांच की जा रही है। झूला गिरने की घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। मामले में झूला संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घायलों की अंतिम संख्या की पुष्टि की जा रही है।
CM सैनी ने जताया दुख
CM नायब सिंह सैनी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्होंने लिखा, “फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायल हुए लोगों के समुचित एवं तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है।”
















