पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए अहम खबर है। अगर जरूरी शर्तें पूरी नहीं हुईं, तो लाखों किसानों की अगली 2-2 हजार रुपये की किस्त अटक सकती है। योजना का लाभ पाने के लिए कुछ जरूरी नियम तय किए गए हैं, जिनका पालन न करने पर किस्त रुक सकती है।
पिछली यानी 21वीं किस्त में भी अलग-अलग राज्यों के लाखों किसानों को भुगतान नहीं मिल पाया था। ऐसे में अगर आप भी पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं और चाहते हैं कि अगली किस्त समय पर आपके खाते में आए, तो कुछ जरूरी औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर लेना जरूरी है।
पीएम किसान योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में की गई थी। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
फिलहाल देशभर में 10 करोड़ से ज्यादा किसान इस योजना का लाभ ले रहे हैं और अब तक 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। 22वीं किस्त जारी होने से पहले किसानों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी, ताकि भुगतान में किसी तरह की दिक्कत न आए।
- ई-केवाईसी
- किसान आईडी जरूरी
- बैंक से आधार का लिंक होना
e-KYC प्रोसेस इस योजना के तहत फायदे पाने के लिए सबसे जरूरी है। किसान pmkisan.gov.in वेबसाइट के ई-पोर्टल पर जाकर यह प्रोसेस खुद पूरा कर सकते हैं।
किसानों के लिए एक और जरूरी काम है अपने आधार कार्ड को अपने बैंक अकाउंट से लिंक करना। अगर दोनों लिंक नहीं होंगे, तो पैसे ट्रांसफर नहीं किए जाएंगे। फायदे बिना किसी रुकावट के पाने के लिए ये प्रोसेस पहले ही पूरे कर लेने चाहिए।
इसके अलावा अगर आप एक नए किसान हैं और इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं तो आपको अपनी किसान आईडी बनवाना भी जरूरी है। 14 राज्यों में नए किसानों के लिए फार्मर आईडी जरूरी कर दी गई है।
अगर आप इन चीजों को पूरा नहीं करते तो शायद आपकी 22वीं किस्त रुक जाए। इसलिए किस्त से आने से पहले इन चीजों को पूरा कर लें।
















