छत्तीसगढ़ में होली के दिन शराब दुकानों को लेकर सरकार ने अपना फैसला बदल दिया है। अब होली पर ड्राई डे घोषित किया गया है, जिसके चलते शराब की दुकानें बंद रहेंगी। पहले की तरह इस दिन प्रतिबंध लागू रहेगा और अवैध शराब परिवहन या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, राज्य सरकार ने नई आबकारी नीति में होली समेत तीन ड्राई डे खत्म कर दिए थे। नई नीति के अनुसार वर्ष 2026-27 में केवल चार दिन—26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) और 18 दिसंबर (गुरु घासीदास जयंती)—को ही ड्राई डे घोषित किया गया था। इस सूची में होली शामिल नहीं थी, जिसके बाद कई जगहों पर विरोध देखने को मिला।
इसी बीच 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकानें खुलने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। प्रदेश के कई शहरों में शराब दुकानों के बाहर प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और नियमों में बदलाव की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ऐसे पावन दिन पर शराब की बिक्री महात्मा गांधी के विचारों और जनभावनाओं के खिलाफ है।
















