टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। आज खेले जाने वाले मैचों के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों की तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकती है। भारतीय टीम जहां जिम्बाब्वे के खिलाफ मैदान में उतरेगी, वहीं इससे पहले एक और मुकाबला खेला जाएगा, जिस पर टीम इंडिया और उसके फैंस की खास नजर रहेगी।
दोपहर 3 बजे: साउथ अफ्रीका vs वेस्टइंडीज आज का पहला मैच दोपहर 3 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला भले ही इन दोनों टीमों के बीच हो, लेकिन इसका असर भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदों पर भी पड़ेगा। अगर साउथ अफ्रीका जीत दर्ज करती है, तो वेस्टइंडीज के अंक सीमित रहेंगे और भारत के लिए आगे का रास्ता आसान हो सकता है।
शाम 7 बजे: भारत vs जिम्बाब्वे दिन का दूसरा मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे के बीच चेन्नई में खेला जाएगा, जो शाम 7 बजे शुरू होगा। मैच का टॉस शाम 6:30 बजे होगा। टीम इंडिया सुपर-8 के अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका से हार चुकी है, ऐसे में उसके लिए अब हर मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण हो गया है।
भारत के पास अभी भी सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका है, लेकिन इसके लिए उसे अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे। पहले जिम्बाब्वे को हराना जरूरी है, इसके बाद 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ भी बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि अच्छा रन रेट भी बनाए रखना होगा।
नतीजों पर टिकी नजर भारत की नजर साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मुकाबले पर भी रहेगी। टीम चाहेगी कि साउथ अफ्रीका यह मैच जीते, ताकि सेमीफाइनल की दौड़ में भारत की स्थिति मजबूत हो सके। अब देखना होगा कि आज के मुकाबलों के बाद अंतिम चार टीमों की तस्वीर कैसी बनती है।















