(UPSC) ने सिविल सर्विसेज परीक्षा 2026 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर टॉप किया है। राजस्थान के रहने वाले अनुज ने अपने तीसरे प्रयास में यह बड़ी सफलता हासिल की। वहीं राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर और अकांश ढुल तीसरे स्थान पर रहे। आयोग के मुताबिक इस साल कुल 958 उम्मीदवारों को अलग-अलग सेवाओं के लिए चयनित किया गया है। रिजल्ट शुक्रवार, 6 मार्च को घोषित किया गया।
आयोग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को Indian Administrative Service (IAS), Indian Foreign Service (IFS), Indian Police Service (IPS) समेत केंद्र सरकार की ग्रुप A और ग्रुप B सेवाओं में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है।
कौन हैं अनुज अग्निहोत्री ?
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा क्षेत्र के रहने वाले डॉ. अनुज अग्निहोत्री इस साल के UPSC टॉपर बने हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई रावतभाटा से ही पूरी की और आगे की पढ़ाई के लिए जोधपुर चले गए। अनुज ने All India Institute of Medical Sciences Jodhpur से MBBS की डिग्री हासिल की।
साल 2023 में एमबीबीएस पूरा करने के बाद उन्होंने UPSC परीक्षा दी थी, जिसमें उनका चयन हुआ और उन्हें दिल्ली तथा केंद्र शासित प्रदेश कैडर में उपखंड अधिकारी के पद पर नियुक्ति मिली। इसके बावजूद उन्होंने तैयारी जारी रखी और इस बार परीक्षा में पहला स्थान हासिल कर लिया।
अनुज ने अपनी स्कूली शिक्षा Kendriya Vidyalaya रावतभाटा से पूरी की। उनके पिता केबी अग्निहोत्री रावतभाटा में ऑपरेशंस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। टेबल टेनिस के शौकीन अनुज ने 12वीं कक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।
मीडिया से बातचीत में अनुज ने बताया कि वे रोजाना औसतन करीब 8 घंटे पढ़ाई करते थे। उनका कहना है कि जो काम वे एक डॉक्टर के रूप में कर सकते थे, वही काम वे एक IAS अधिकारी बनकर और बड़े स्तर पर बेहतर तरीके से कर पाएंगे। उन्होंने परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि मेहनत और धैर्य बनाए रखें, सफलता जरूर मिलेगी।
UPSC CSE के टॉप 10 टॉपर
रैंक 1 – अनुज अग्निहोत्री
रैंक 2 – राजेश्वरी सुवे एम
रैंक 3 – आकांश ढुल
रैंक 4 – राघव झुनझुनवाला
रैंक 5 – इशान भटनागर
रैंक 6 – ज़िनिया अरोड़ा
रैंक 7 – एआर राजा मोहिद्दीन
रैंक 8 – पक्षाल सेक्रेटरी
रैंक 9 – आस्था जैन
रैंक 10 – उज्ज्वल प्रियांक।
















