ईडी ने शुक्रवार तड़के बड़े स्तर पर छापेमारी की कार्रवाई की। इस कार्रवाई में उद्योगपति Anil Ambani और Reliance Power से जुड़े कई कारोबार और लोगों को निशाना बनाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक Mumbai में करीब 10 से 12 जगहों पर छापेमारी चल रही है। लगभग 15 विशेष ईडी टीमों ने सुबह तड़के तलाशी अभियान शुरू किया। ये कार्रवाई कंपनी से जुड़े लोगों के दफ्तरों और घरों पर की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह छापेमारी कथित वित्तीय गड़बड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले की जांच का हिस्सा है। हालांकि एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह जांच रिलायंस पावर से जुड़े संदिग्ध फंड ट्रांसफर और वित्तीय लेनदेन को लेकर की जा रही है।
पिछले महीने घर किया गया था जब्त
पिछले महीने फरवरी 2026 में ईडी ने अनिल अंबानी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई स्थित उनके आलीशान घर ‘अबोड’ को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया था। इस घर की अनुमानित कीमत करीब 3500 करोड़ रुपये बताई जाती है।
यह कार्रवाई Reliance Communications से जुड़े करीब 40,000 करोड़ रुपये के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले की जांच के तहत की गई थी। इसके साथ ही अंबानी समूह की जब्त की गई संपत्तियों की कुल कीमत करीब 15,700 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी।
क्या हैं आरोप ?
जांच एजेंसियों के अनुसार रिलायंस कम्युनिकेशंस ने State Bank of India और Yes Bank समेत कई बैंकों से लिए गए कर्ज की रकम को कथित तौर पर दूसरी कंपनियों और विदेशी खातों में ट्रांसफर कर दिया था।
मामले में चीनी सरकारी बैंकों से जुड़े करीब 13,558 करोड़ रुपये के एक्सपोजर का भी जिक्र किया गया है। यह मनी लॉन्ड्रिंग जांच Central Bureau of Investigation (सीबीआई) की 2019 में दर्ज एफआईआर के आधार पर चल रही है।
बताया जा रहा है कि ईडी ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया है और Supreme Court of India के निर्देशों के बाद इस मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।















