तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। इसे देखते हुए भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने दोनों राज्यों में वोटिंग खत्म होने तक अगले 48 घंटे के लिए ‘ड्राई डे’ लागू करने का निर्देश दिया है। इस दौरान शराब की बिक्री, परोसने और वितरण पर पूरी तरह रोक रहेगी। आयोग का कहना है कि यह कदम मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी या मतदाताओं को प्रभावित करने से रोकने के लिए उठाया गया है।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में वोटिंग दो चरणों में होगी। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा जिसमें बाकी 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। सभी 294 सीटों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
तमिलनाडु में एक ही चरण में चुनाव
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 2026 का मतदान एक ही चरण में होगा। राज्य की सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। नामांकन प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू हुई थी और नाम वापसी की आखिरी तारीख 9 अप्रैल थी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 21 अप्रैल की शाम से ही ‘ड्राई डे’ लागू कर दिया गया है, जो मतदान खत्म होने तक जारी रहेगा।















