पीएम श्री कोण्डातराई विद्यालय में अध्ययनरत 964 विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। विद्यालय में लगातार ऐसे नवाचार किए जा रहे हैं, जो बच्चों के शैक्षणिक ही नहीं बल्कि मानसिक, सामाजिक और व्यवहारिक विकास को भी नई दिशा दे रहे हैं।

विद्यालय में एलुमनी मीट, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, ग्रीन स्कूल बैगलेस डे, “स्वस्थ आहार–स्वस्थ जीवन”, प्री-वोकेशनल शिक्षा, इको क्लब, वोकेशनल इंटर्नशिप एवं एक्सपोज़र विजिट जैसी योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार सिन्हा एवं समस्त स्टाफ के कुशल मार्गदर्शन में शैक्षणिक गतिविधियाँ निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर हैं। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के द्वय अध्यक्ष सेत राम साव, विजय चौधरी एवं सदस्यों के सक्रिय सहयोग से विद्यालय विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
इसी क्रम में विद्यालय के 664 विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ओडिशा प्रांत के बरगढ़ स्थित विज्ञान केंद्र, रामझरना वन्य जीव उद्यान एवं जंतु पार्क का अवलोकन किया। साथ ही OP Jindal Institute of Technology का भ्रमण कर तकनीकी शिक्षा एवं करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बनजारी मंदिर एवं केलो पार्क में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी लिया, जिससे उनके भीतर प्रकृति के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित हुई।

इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, बौद्धिक क्षमता एवं सामाजिक समझ में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक गतिविधियों का निरंतर आयोजन करने की प्रतिबद्धता जताई है।
















