रायगढ़, 12 जनवरी। चक्रधरनगर पुलिस ने विजयपुर में हुई मारपीट की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 11.01.2026 को प्रार्थी विकास भोय पिता गिरधारी भोय (उम्र 20 वर्ष), निवासी पतरापाली पूर्व ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह गोपालपुर से ट्रैक्टर में मिट्टी भरकर विजयपुर स्थित लोटस कॉलोनी में खाली करने जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 04:30 बजे विजयपुर तालाब के पास मोहम्मद आफताब हुसैन, निवासी विजयपुर, हाथ में लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा।

रुपये देने से इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में पहने स्टील के कड़े और लोहे की रॉड से प्रार्थी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे राजा लोहार के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। घटना की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 119(1), 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद प्रभारी थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक गेंद लाल साहू के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक स्टील का कड़ा और एक लोहे की रॉड जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी आफताब हुसैन पिता असलम हुसैन (उम्र 26 वर्ष), निवासी विजयपुर अमरैयापारा, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ ने अपना जुर्म स्वीकार किया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 12.01.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि आरोपी आफताब हुसैन के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में पहले से ही मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट, जुआ एवं प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कई प्रकरण दर्ज हैं। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चक्रधरनगर पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।
















