थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में हुए एक भीषण रेल हादसे में कम से कम 22 लोगों की जान चली गई है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, बैंकॉक से उत्तरपूर्वी थाईलैंड की ओर जा रही एक ट्रेन उस वक्त पटरी से उतर गई, जब एक निर्माणाधीन क्रेन ट्रेन के एक डिब्बे पर आ गिरी। नाखोन रत्चासिमा प्रांत के स्थानीय पुलिस प्रमुख थचापोन चिन्नावोंग ने बताया कि हादसे में 22 लोगों की मौत हो चुकी है और 30 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
यह दुर्घटना बुधवार सुबह नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में हुई। ये बैंकॉक से 230 किलोमीटर (143 मील) उत्तरपूर्व में स्थित है। यह ट्रेन उबोन रत्चथानी प्रांत जा रही थी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एक हाई-स्पीड रेल परियोजना पर काम कर रही क्रेन गिर गई और गुजरती ट्रेन से टकरा गई, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई और उसमें थोड़ी देर के लिए आग लग गई। पुलिस ने बताया, “आग बुझा दी गई है और बचाव कार्य जारी है।”
















