महाराष्ट्र के सोलापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सोलापुर से पुणे जाने वाले नेशनल हाईवे पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल मृतकों की पहचान की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग देवदर्शन के लिए पनवेल से अक्कलकोट जा रहे थे। यह हादसा मोहोल इलाके के पास देवदरी पाटी के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
उदयपुर में चार लोगों की मौत
इसी तरह शनिवार तड़के राजस्थान के उदयपुर में भी एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। पुराने अहमदाबाद हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में चार युवकों की जान चली गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना सवीना थाना क्षेत्र के नेला तालाब के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान मोहम्मद अयान (17), आदिल कुरैशी (14), शेर मोहम्मद (19) और गुलाम ख्वाजा (17) के रूप में हुई है। सभी मृतक उदयपुर के रहने वाले थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
















