छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह नगर निगम ने नाबालिग से रेप के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के घर पर बुलडोजर चलाया। नगर निगम ने पहले आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा किया था और उसे सात दिन के भीतर मकान से जुड़े दस्तावेज जमा करने को कहा गया था। तय समय के बाद बुधवार सुबह राजा तालाब के झंडा चौक स्थित आरोपी के घर को गिरा दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय पार्षद मौके पर मौजूद रहे। पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई ऐसे सभी लोगों पर होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इलाके के लोगों में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि अगर उनके वार्ड में कोई इस तरह का अपराध करता है, तो उस पर सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। रायपुर की मेयर मीनल चौबे ने कुछ दिन पहले इलाके का दौरा किया था और आरोपियों की दुकान और घर गिराने के निर्देश दिए थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी की सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चूड़ियां बेचने की दुकान है। वह चॉकलेट, नड्डा और मुर्रा भी बेचता था। आरोप है कि वह 9 साल की बच्ची को इन चीजों का लालच देकर रोज अपने घर ले जाता था। वहां वह बच्ची के साथ गलत हरकत करता था। बताया गया है कि 7 जनवरी से 11 जनवरी के बीच उसने कई बार बच्ची के साथ मारपीट भी की।















