महानगर के आनंदपुर (नाजीराबाद) इलाके में गणतंत्र दिवस की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक नामी मोमो चेन के कारखाने और गोदाम के साथ-साथ एक डेकोरेटर गोदाम में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। करीब 15 घंटे बीत जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।
प्रशासन ने अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि 20 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। परिजनों ने संबंधित थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सोमवार तड़के लगी आग को बुझाने के लिए दमकल विभाग की 12 गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं। गोदामों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बरामद शव बुरी तरह झुलस चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों और रोबोटिक कैमरों की मदद ली जा रही है।
बाहर से बंद था गेट, लापरवाही के आरोप
इस हादसे में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लापता कर्मचारी पंकज हलदार के परिजनों का कहना है कि तड़के करीब 3:30 बजे पंकज ने फोन कर बताया था कि फैक्ट्री का मुख्य गेट बाहर से बंद है और वे दीवार तोड़कर निकलने की कोशिश कर रहे हैं।
धुएं में फंसे कर्मचारियों की यह जानकारी प्रबंधन की बड़ी लापरवाही की ओर इशारा करती है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी घटना पर नजर बनाए रखी है। पुलिस गेट बंद होने के आरोपों की जांच कर रही है और पुष्टि होने पर फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जा सकता है।
रात की शिफ्ट के दौरान लगी आग
जानकारी के अनुसार रविवार रात मोमो कारखाने और गोदाम में नाइट शिफ्ट का काम चल रहा था। सोमवार तड़के करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। गोदाम में मौजूद पाम ऑयल और रसोई गैस सिलेंडरों के कारण आग तेजी से फैली और कई धमाके भी हुए। संकरी गलियों और घने धुएं की वजह से राहत व बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। बताया जा रहा है कि गोदाम में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
मल्लिक बाजार में भी लगी आग
आनंदपुर की घटना के बीच सोमवार को ही महानगर के व्यस्त मल्लिक बाजार इलाके की एक चार मंजिला इमारत में भी आग लग गई। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। संकरी गलियों के कारण दमकलकर्मियों को पास की इमारत की छत से पानी डालकर आग बुझानी पड़ी।
एहतियात के तौर पर इमारत और आसपास के घरों को खाली करा लिया गया। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि जांच अभी जारी है। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
















