छत्तीसगढ़ के बालोद और बेमेतरा जिले के न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मंगलवार को यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया और दोनों कोर्ट परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
मजिस्ट्रेटों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
धमकी मिलने के बाद एहतियातन सभी मजिस्ट्रेटों को कोर्ट परिसर से सुरक्षित सर्किट हाउस पहुंचाया गया। वहीं अधिवक्ताओं और अन्य लोगों को भी न्यायालय परिसर से बाहर निकाल दिया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
बम स्क्वॉड की टीम मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कोर्ट परिसर की सघन जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चला रही है, ताकि किसी भी तरह के खतरे को टाला जा सके।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
इससे पहले 25 फरवरी को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। वहीं राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर के न्यायालयों को भी पहले इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि बाद की जांच में ये धमकियां अफवाह साबित हुई थीं। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।















