इस वक्त नेपाल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस गहरी खाई में गिर गई। यह दर्दनाक हादसा मध्य नेपाल के गंडकी प्रांत में हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
मनकामना मंदिर से लौट रही थी बस
जानकारी के मुताबिक यह बस भारतीय तीर्थयात्रियों को लेकर मनकामना मंदिर से लौट रही थी। इसी दौरान गोरखा जिले में बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गोरखा जिले के जिला यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज आर्यल ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं।
सभी मृतक भारतीय नागरिक
जिला पुलिस कार्यालय प्रमुख भरत बहादुर बीके के अनुसार, मृतकों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में हुई है। सभी मृतक भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं।
वहीं मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हादसे में घायल सात लोगों को बचा लिया गया है। सभी घायलों को आंबुखैरेनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक बस का चालक इस हादसे में बाल-बाल बच गया, जबकि उसका सहायक घायल हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
















