नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई तेज हो गई है और अब यह अभियान निर्णायक चरण में पहुंचता दिख रहा है। इसी बीच ओडिशा से बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के वंशधारा-नागावली डिवीजन में सक्रिय 11 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन नक्सलियों ने AK-47, SLR और INSAS राइफल जैसे हथियारों के साथ कालाहांडी में डीजीपी के सामने सरेंडर किया।
7 महिला और 4 पुरुष नक्सली शामिल
जानकारी के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वालों में 7 महिलाएं और 4 पुरुष नक्सली शामिल हैं। ये सभी लंबे समय से वंशधारा-नागावली डिवीजन में सक्रिय थे और कई बड़ी घटनाओं में इनकी भूमिका बताई जा रही थी। सभी नक्सलियों ने AK-47, SLR और INSAS समेत कई हथियारों के साथ ओडिशा के कालाहांडी में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। सरेंडर करने वालों में नकुल चंद्रा DVCM के साथ ACM रैंक के कुछ अन्य नक्सली भी शामिल बताए जा रहे हैं।
कुल 1.34 करोड़ का इनाम घोषित था
बताया जा रहा है कि नकुल चंद्रा पर 22 लाख रुपये का इनाम था, जबकि पूरे समूह पर मिलाकर करीब 63.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के तहत इन सभी को आर्थिक मदद और प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे मुख्यधारा में लौट सकें। यह नक्सली दल कालाहांडी, रायगढ़ा और कंधमाल जिलों में सक्रिय था। पुलिस का कहना है कि इस सरेंडर के बाद ओडिशा में सक्रिय सशस्त्र नक्सलियों की संख्या घटकर करीब 15 रह गई है।















