उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सैनी थाना क्षेत्र के अतसराय के पास नेशनल हाईवे-2 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के करौली गांव के करीब 18 लोग एक पिकअप वाहन से मुंडन संस्कार के लिए प्रयागराज गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अतसराय के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही सैनी थाना पुलिस और हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत वाले मरीजों को प्रयागराज रेफर किया गया है। कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
















