भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 मार्च को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में देश के करीब 20 राज्यों में आंधी, तेज बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। इसके असर से उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम तेजी से बदल रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी जारी रह सकती है। वहीं दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। हवा की रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
यूपी के कई जिलों में अलर्ट
IMD ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश के साथ बिजली गिर सकती है। पिछले 24 घंटों में यूपी के करीब 10 जिलों—कानपुर, सीतापुर, लखनऊ और हरदोई में बारिश दर्ज की गई है, जबकि पश्चिमी यूपी में बादल छाए हुए हैं। करीब 30 जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं और शनिवार तक लगभग 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में भी तेज बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में चक्रवाती असर से बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है, जबकि अन्य हिस्सों में गर्मी और हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम ?
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी मौसम बदला रहेगा। यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है। दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव अगले 2-3 दिनों तक जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को बेवजह यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
















