महाराष्ट्र के जालना से दर्दनाक खबर सामने आई है। समृद्धि एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6-7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 6 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, ये सभी महिलाएं मजदूरी के काम पर जा रही थीं।
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
जालना जिले के कडवंची गांव के पास यह हादसा हुआ। मजदूरों को ले जा रहा पिकअप वाहन तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार 7 लोग मौके पर ही दम तोड़ बैठे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
लापरवाही से हुई हादसे की आशंका
मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को जालना जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। हादसे ने पूरे इलाके में शोक और आक्रोश दोनों ही पैदा कर दिए हैं।
शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे
पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।जालना विधानसभा के विधायक अर्जुन खोतकर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और मृतकों के परिजनों को हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया।
















