महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों के लिए जरूरी खबर है। योजना की अगली किस्त बिना रुकावट पाने के लिए अब E-KYC कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिले में यह प्रक्रिया 3 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने साफ कहा है कि जिन महिलाओं का E-KYC पूरा नहीं होगा, उन्हें आगे भुगतान मिलने में परेशानी हो सकती है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में E-KYC ग्राम पंचायत भवनों में और शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में किया जाएगा। यह जरूरी प्रक्रिया है, जिसके पूरा होने पर ही लाभार्थियों को अगली किस्तें समय पर मिलेंगी।
नाम मिलान जरूरी
E-KYC के लिए योजना में दर्ज नाम और आधार कार्ड में लिखा नाम पूरी तरह एक जैसा होना चाहिए। छोटी-सी गलती भी सत्यापन रोक सकती है। इसलिए हितग्राहियों को पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर नाम का मिलान कराने की सलाह दी गई है। अगर कोई गलती है, तो तुरंत विभाग में सुधार के लिए आवेदन करना होगा।
आखिरी तारीख 30 जून
E-KYC की प्रक्रिया 3 अप्रैल से शुरू होकर 30 जून 2026 तक चलेगी। जिले में करीब 1 लाख 65 हजार लाभार्थियों का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए वीएलई, सीएससी ऑपरेटर और विभागीय कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके।
ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम
- गरियाबंद: 6 अप्रैल
- छुरा: 7 अप्रैल
- फिंगेश्वर: 8 अप्रैल
- मैनपुर: 9 अप्रैल
- देवभोग: 10 अप्रैल
हर प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ऑपरेटर शामिल होंगे, जो बाद में गांव और शहरों में E-KYC का काम संभालेंगे।
विभाग ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे तय समय सीमा के भीतर अपना E-KYC जरूर पूरा कर लें, ताकि योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे।
















