Crystal Crop Protection शेयर बाजार में IPO के जरिए कमाई की उम्मीद लगाने वाले निवेशकों के लिए गुरुवार को एक और कंपनी के शेयरों की एंट्री हुई। एग्रीकल्चर और क्रॉप प्रोटेक्शन सेक्टर की कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड की शेयर बाजार में एंट्री हो गई है। गुरुवार को कंपनी का शेयर NSE पर 2.21 प्रतिशत और BSE पर 2.94 प्रतिशत प्रीमियम के साथ खुला।
बता दें कि क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के आईपीओ का इश्यू प्राइस 272 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। गुरुवार, 26 नवंबर को कंपनी के शेयर NSE पर 278 रुपये पर लिस्ट हुए। इस तरह निवेशकों को प्रति शेयर 6 रुपये यानी करीब 2.21 प्रतिशत का लिस्टिंग गेन मिला। वहीं, BSE पर शेयर की शुरुआत 280 रुपये पर हुई। यहां निवेशकों को प्रति शेयर 8 रुपये यानी 2.94 प्रतिशत का फायदा मिला। हालांकि, ग्रे मार्केट में लिस्टिंग से पहले शेयरों का प्रीमियम करीब 6.25 प्रतिशत तक संभावित बढ़त का संकेत दे रहा था।
17 गुना सब्सक्राइब हुआ था आईपीओ
क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का 455.49 करोड़ रुपये का आईपीओ 18 से 20 नवंबर तक निवेश के लिए खुला था। इसे निवेशकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और कुल मिलाकर करीब 17 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी के 1.21 करोड़ से अधिक शेयरों के मुकाबले करीब 20.75 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। सबसे ज्यादा दिलचस्पी नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (NII) ने दिखाई। इनके लिए आरक्षित हिस्सा 37.69 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 15.47 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 9.26 गुना भरा था।
कहां इस्तेमाल करेगी आईपीओ से मिले पैसे?
कंपनी ने आईपीओ से पहले एंकर निवेशकों से करीब 136 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसमें व्हाइटओक कैपिटल म्यूचुअल फंड सबसे बड़ा निवेशक रहा, जिसने करीब 30 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। आईपीओ में 354.77 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए गए, जबकि करीब 100.71 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) था। नए शेयरों से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने और सहायक कंपनी सैफायर क्रॉप साइंस के कुछ लोन चुकाने या कम करने में करेगी। इसके अलावा, कंपनी अधिग्रहण के जरिए कारोबार बढ़ाने, रणनीतिक योजनाओं और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों पर भी पैसा खर्च करेगी।
1994 में हुई थी कंपनी की शुरुआत
Crystal Crop Protectionक्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड की स्थापना 1994 में हुई थी। कंपनी फसल सुरक्षा उत्पादों, बीजों और कृषि से जुड़े अन्य उत्पादों के कारोबार में एक्टिव है। आईपीओ के ऊपरी प्राइस बैंड 272 रुपये के आधार पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 4,438 करोड़ रुपये था। अब निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद कंपनी का प्रदर्शन कैसा रहता है।
















