जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ के तहत तीन आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल है।
यह संयुक्त अभियान जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और खुफिया एजेंसियों ने मिलकर चलाया। खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में सक्रिय आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने चतरू बेल्ट के पासेरकुट इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। सुबह करीब 10:30 बजे आतंकियों और जवानों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
बताया गया है कि पहाड़ी इलाके में एक कच्चे घर में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकवादी मार गिराए गए। मारे गए आतंकियों के पास से दो AK-47 राइफलें, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन शुरू किया गया था। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, ताकि कोई भी आतंकी बच न सके।
पिछले महीने भी चतरू वन क्षेत्र में कई मुठभेड़ हुई थीं, जिनमें एक सैनिक शहीद हुआ था और एक आतंकी मारा गया था। वहीं इस साल अब तक जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग अभियानों में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के कुल सात आतंकियों को ढेर किया है।
















