Chhath Puja 2026 छठ पूजा में सूर्यास्त के समय अर्घ्य देने का विशेष महत्व होता है। अलग-अलग शहरों में सूर्यास्त का समय अलग हो सकता है। इसलिए अपने शहर के सूर्यास्त के समय के अनुसार अर्घ्य देने की तैयारी करें। हम आपको यहां पर अनुमानित समय बता सकते हैं कि लगभग कितने समय पर सूर्यअस्त होना शुरू होगा, जब आप संध्या अर्घ्य दे पाएंगी।
दिल्ली: शाम 05:28 बजे के लगभग
पटना: शाम 05:01 बजे के लगभग
अन्य शहर: शाम 5 बजे से 5 बजकर 30 मिनट के बीच सूर्य अस्त हो सकता है।
संध्या अर्घ्य का धार्मिक महत्व
छठ महापर्व में संध्या अर्घ्य का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन व्रती डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य देकर उनके प्रति आभार प्रकट करते हैं। सूर्य को जीवन, ऊर्जा और स्वास्थ्य का आधार माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, संध्या अर्घ्य देने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। व्रती अपनी संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली के लिए छठी मैया से प्रार्थना करते हैं। इस दिन घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इकट्ठा होते हैं। चारों तरफ छठी मैया के गीत सुनाई देते हैं और पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है।
संध्या अर्घ्य की पूजा विधि
संध्या अर्घ्य के लिए सबसे पहले पूजा की सामग्री तैयार करें। बांस के सूप और दौरे में ठेकुआ, चावल के लड्डू, गन्ना, नारियल, केला, सुथनी और अन्य मौसमी फल रखें। इसके साथ पूजा की जरूरी सामग्री भी तैयार कर लें।
सभी प्रसाद और पूजा सामग्री को सूप में सजाकर परिवार के सदस्यों के साथ छठ घाट पर जाएं। घाट पर साफ-सफाई का ध्यान रखें और पूजा के लिए निर्धारित स्थान पर खड़े हों।
अर्घ्य देने के समय व्रती नदी, तालाब या जलाशय के पानी में अपनी सुविधा और सुरक्षा के अनुसार खड़े होते हैं। कई व्रती कमर तक पानी में खड़े होकर पूजा करते हैं।
सूर्यास्त के समय सूप में रखे प्रसाद के साथ सूर्य देव को जल और दूध अर्पित करें। इस दौरान सूर्य देव का ध्यान करें और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें। अपनी परंपरा के अनुसार सूर्य मंत्र का जाप भी कर सकते हैं।
अर्घ्य देने के बाद घाट पर दीपक जलाएं। कई श्रद्धालु रात में भजन-कीर्तन और जागरण करते हैं। इस दौरान छठी मैया के गीत गाए जाते हैं।
संध्या अर्घ्य के दिन इन नियमों का रखें ध्यान
Chhath Puja 2026छठ पूजा में खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा जाता है। इस दौरान व्रती अन्न और जल ग्रहण नहीं करते। व्रत को पूरी श्रद्धा और अपनी क्षमता के अनुसार रखें।
छठ पूजा में पवित्रता का विशेष महत्व है। प्रसाद बनाते समय रसोई और पूजा की जगह को साफ रखें। पूजा सामग्री को भी स्वच्छ स्थान पर रखें।
छठ पूजा के दौरान घर में सात्विक वातावरण बनाए रखें। तामसिक भोजन से परहेज करें और मन में अच्छे विचार रखें।
ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद को पूरी श्रद्धा से तैयार करें। प्रसाद बनाते और बांटते समय साफ-सफाई का ध्यान रखें।
















