Chhattisgarh news raipur रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह गरीब परिवारों और अवैध संबंधों के चलते गर्भवती हुई महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपियों द्वारा महिलाओं को निशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर उनके नवजात बच्चों को ले लिया जाता था। इसके बाद बच्चों को 5 से 10 लाख रुपये तक में बेच दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह की मास्टरमाइंड कृतिका साहू के अलावा अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग शामिल हैं। मामले का खुलासा ओडिशा निवासी एक महिला की शिकायत के बाद हुआ। आरोप है कि महिला को उसके नवजात बच्चे समेत बंधक बना लिया गया था। किसी तरह पुलिस के पास पहुंची महिला ने अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
15 से 20 नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के मिले साक्ष्य
पुलिस को अब तक 15 से 20 नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। जांच में गिरोह का नेटवर्क ओडिशा, हैदराबाद और अहमदाबाद समेत देश के कई राज्यों तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को नेटवर्क से जुड़े दलालों के नाम भी मिले हैं।
जन्म प्रमाण पत्र में दर्ज कराते थे खरीदारों का नाम
Chhattisgarh news raipurगिरोह के सदस्य नवजात बच्चों को बेचने के बाद जन्म प्रमाण पत्र में खरीदने वाले दंपत्ति का नाम दर्ज कराते थे। इस मामले में कई अस्पतालों और डॉक्टरों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस इनसे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आजाद चौक थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दलालों की जानकारी जुटाई जा रही है।
















