सूरजपुर/23 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण योजना के अंतर्गत प्रदेश में वर्ष 2016 से प्रतिवर्ष विकासखंड, जिला एवं संभाग स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किए जाने की परंपरा रही है। इसी क्रम में आगामी 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर विकासखंड स्तर पर शिक्षादूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। योजना के अनुसार प्रत्येक विकासखंड से 08 श्रेष्ठ शिक्षकों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
योजना के प्रावधानों के अनुसार कक्षा पहली से पांचवी तक अध्यापन कराने वाले प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए पात्र होंगे। वहीं कक्षा छठवीं से आठवीं तक अध्यापन कराने वाले शिक्षकों को जिला स्तर पर ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अतिरिक्त कक्षा नौवीं से बारहवीं तक अध्यापन कराने वाले शिक्षकों को राजस्व संभाग स्तर पर शिक्षा श्री पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जिससे विभिन्न स्तरों पर कार्यरत शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित किए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित होती है।
जिला शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में सभी विकासखंडों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक विकासखंड से चयनित श्रेष्ठ शिक्षकों के प्रस्ताव, संबंधित आवश्यक फाइल, कार्य विवरण एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति 16 अगस्त 2026 तक जिला कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित करना होगा, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर चयन प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।
















