रायगढ़। रायगढ़ जिले में नदी किनारे एक महिला की लगभग पांच दिन पुरानी सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजते हुए मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। यह घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बईहामुड़ा गांव के पास कुरकुट नदी किनारे कल दोपहर को 45 वर्षीय महिला राम प्यारी सारथी की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार, शव पांच दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था और जंगली जानवरों ने इसे काफी हद तक क्षत-विक्षत कर दिया था। घरघोड़ा पुलिस का कहना है कि यह हत्या है या आत्महत्या, इस पर सभी पहलुओं की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुँचा जा सकेगा। फिलहाल जांच जारी है।
















