देशभर में कड़ाके की ठंड के बीच मंगलवार सुबह राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई, वहीं उड़ानों और ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा। दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक आज सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 343 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। इसके साथ ही कोहरे के चलते दृश्यता भी काफी कम रही।
| स्थान | AQI |
|---|---|
| वजीरपुर | 309 |
| नरेला | 289 |
| मुंडका | 341 |
| जहांगीरपुरी | 330 |
| डीटीयू | 284 |
| चांदनी चौक | 348 |
| बवाना | 194 |
| आनंद विहार | 343 |
| रोहिणी | 322 |
| विवेक विहार | 334 |
| गाजियाबाद | 239 |
| नोएडा | 251 |
| गुरुग्राम | 314 |
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार सुबह कुछ इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग सात डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

विभाग का कहना है कि आने वाले दो–तीन दिनों में कुछ जगहों पर घना कोहरा, जबकि कई इलाकों में मध्यम कोहरा छाने की आशंका है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। अगले पांच दिनों में यह छह से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना जताई गई है।
















