:प्रदेश में पड़ रही तेज गर्मी और लू को देखते हुए बच्चों की सेहत को ध्यान में रखकर महिला एवं बाल विकास विभाग ने अहम फैसला लिया है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर गर्मी के मौसम में आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया गया है। अब केंद्रों का संचालन 6 घंटे की जगह 4 घंटे ही होगा।
अब सुबह इस समय खुलेंगे केंद्र
नई व्यवस्था के तहत 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगे। वहीं, 23 अप्रैल से 30 जून तक बच्चों की उपस्थिति का समय सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक तय किया गया है, ताकि वे तेज गर्मी और लू से बच सकें।
इस दौरान बच्चों को तय कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभिक शिक्षा (ECCE गतिविधियां) और पूरक पोषण आहार दिया जाएगा। विभाग ने साफ किया है कि सेवाओं की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
अन्य सेवाएं भी जारी रहेंगी
आंगनबाड़ी केंद्रों में जरूरी काम सुबह 11 बजे तक चलते रहेंगे। इसके बाद कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपने अन्य कार्यों के साथ घर-घर जाकर माताओं को पोषण संबंधी जानकारी देंगी।
सुरक्षा को लेकर सख्ती
बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों को निगरानी के निर्देश
सभी जिला अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने और समीक्षा बैठकों में प्रगति की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि फैसले का सही तरीके से पालन हो सके।
1 जुलाई से फिर सामान्य समय
गर्मी खत्म होने के बाद 1 जुलाई से आंगनबाड़ी केंद्र अपने पुराने समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक फिर से संचालित होंगे।
















