जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। बिलावर इलाके में चलाए जा रहे आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी को मार गिराया गया है।
जम्मू रेंज के आईजीपी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना मिली थी कि शुक्रवार सुबह एक आतंकी खाने-पीने का सामान लेने के लिए बिलावर क्षेत्र में एक स्थानीय युवक के घर आने वाला है। इस जानकारी के बाद सेना और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और इलाके में घेराबंदी कर दी गई। जैसे ही आतंकी रसद लेने पहुंचा, सुरक्षाबलों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में आतंकी ढेर हो गया।
बताया जा रहा है कि यह आतंकी पिछले कई दिनों से सुरक्षाबलों को चकमा देकर छिपता फिर रहा था। सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। मारा गया आतंकी पाकिस्तानी नागरिक बताया जा रहा है और वह जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़ा था।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह कार्रवाई इलाके में आतंकवाद पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। फिलहाल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है
















