EPFO नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रोविडेंट फंड यानी PF सिर्फ रिटायरमेंट की बचत नहीं, बल्कि जरूरत के समय आर्थिक सहारा भी है। अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) इस व्यवस्था को और आसान बनाने की तैयारी कर रहा है। आने वाले समय में खाताधारक UPI के जरिए PF का पैसा निकाल सकेंगे, जबकि रिटायरमेंट के बाद पूरी रकम एक साथ निकालने की मजबूरी भी खत्म हो सकती है। इसके अलावा खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की शर्त घटाने और खुद से योगदान करने जैसी सुविधाओं पर भी काम चल रहा है। आइए जानते हैं EPFO के इन चार बड़े बदलावों के बारे में।
1. EPFO 3.0 से बदलेगा पूरा सिस्टम
EPFO अपनी तकनीकी व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए EPFO 3.0 पर काम कर रहा है। इसके तहत क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया तेज और सेवाएं पेपरलेस बनाने की योजना है। नया सिस्टम केंद्रीकृत कोर बैंकिंग व्यवस्था की तरह काम करेगा। इससे नौकरी बदलकर दूसरे शहर जाने पर भी कर्मचारियों को पुराने रीजनल ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसे अगले साल लॉन्च किए जाने की संभावना है।
2. UPI और ATM से निकाल सकेंगे PF का पैसा
EPFO खाताधारकों को UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए BHIM ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस सुविधा के जरिए सदस्य अपना कुल बैलेंस, निकासी योग्य रकम और खाते में सुरक्षित रखी जाने वाली राशि देख सकेंगे। हालांकि, ATM से PF निकालने की सुविधा की आधिकारिक लॉन्च तारीख अभी सामने नहीं आई है।
3. रिटायरमेंट के बाद किस्तों में मिलेगा पैसा
अब तक रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी आमतौर पर अपना PF फंड एकमुश्त निकालते हैं। लेकिन नए प्रस्ताव के तहत सदस्य हर महीने, तीन महीने या छह महीने में किस्तों के रूप में रकम ले सकेंगे। खाते में बची राशि पर ब्याज मिलता रहेगा। सदस्य चाहें तो कुछ पैसा एक साथ निकालकर बाकी रकम किस्तों में भी ले सकते हैं। शुरुआती चरण में 55 साल से अधिक उम्र और पांच लाख रुपये से ज्यादा PF बैलेंस वाले करीब 6.32 लाख सदस्यों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके लिए नियमों में जरूरी संशोधन होने बाकी हैं।
4. PF खाते में खुद भी जमा कर सकेंगे पैसा
EPFO ऐसी व्यवस्था बनाने की तैयारी कर रहा है, जिसमें लोग अपने UAN से जुड़े खाते में खुद भी अपनी इच्छा से योगदान कर सकेंगे। थर्ड पार्टी के जरिए भी छोटी-छोटी रकम जमा करने का ऑप्शन मिल सकता है। इससे गिग वर्कर्स, डिलीवरी पार्टनर्स और असंगठित क्षेत्र के लोगों को फायदा हो सकता है। हालांकि, इसे लागू करने के लिए EPF स्कीम और इनकम टैक्स एक्ट में बदलाव जरूरी होंगे।
















