ज्यादातर भारतीय अपने दिन की शुरुआत गर्म चाय से करते हैं। लेकिन सुबह खाली पेट चाय पीना सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद नहीं माना जाता। ऐसे में अगर आप सुबह एक गिलास संतरे का जूस पीना शुरू करें, तो इससे शरीर में कई अच्छे बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
सुबह-सुबह विटामिन-C से भरपूर संतरे का जूस पीने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। आइए जानते हैं कि 30 दिनों तक रोजाना संतरे का जूस पीने से शरीर पर क्या असर पड़ सकता है।
विटामिन-C का अच्छा स्रोत
चाय में कैफीन और टैनिन होते हैं, जबकि संतरे का जूस विटामिन-C, फोलेट और पोटैशियम से भरपूर होता है। अगर आप एक महीने तक रोज संतरे का जूस पिएंगे, तो आपकी इम्यूनिटी मजबूत हो सकती है। इससे सर्दी-खांसी और थकान की समस्या भी कम महसूस होगी। विटामिन-C शरीर में सफेद रक्त कोशिकाओं को बढ़ाने में मदद करता है, जो बीमारियों से लड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं।
त्वचा में प्राकृतिक चमक
चाय कभी-कभी डिहाइड्रेशन का कारण बनता है, जिससे त्वचा बेजान दिख सकती है। वहीं, संतरे के जूस में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और पानी की मात्रा आपकी त्वचा को अंदर से हाइड्रेट करती है। विटामिन-सी कोलेजन बनाने में मददगार है, जो झुर्रियों को कम करता है और त्वचा को जवां और चमकदार बनाता है।
पाचन तंत्र में सुधार
सुबह खाली पेट दूध वाली चाय पीने से कई लोगों को एसिडिटी या ब्लोटिंग की समस्या होती है। संतरा फाइबर से भरपूर होता है, जो पाचन क्रिया को दुरुस्त करता है। यह शरीर को डिटॉक्स करने और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करता है। हालांकि, अगर आपको बहुत ज्यादा एसिडिटी रहती है, तो इसे खाली पेट लेने से पहले थोड़ा सावधान रहना चाहिए।
एनर्जी लेवल में बदलाव
चाय पीने से आपको कैफीन की वजह से तुरंत किक मिलती है, लेकिन वह उतनी ही जल्दी खत्म भी हो जाती है। संतरा नेचुरल शुगर से भरपूर होता है, जो धीरे-धीरे एनर्जी रिलीज करता है। इससे आप दोपहर तक खुद को ज्यादा एक्टिव और एनर्जेटिक महसूस करेंगे।
इन बातों का जरूर ध्यान रखें
- चीनी न मिलाएं- बाजार के डिब्बाबंद जूस की जगह घर का निकला ताजा जूस पिएं। डिब्बाबंद जूस में एडेड शुगर होती है जो फायदे की जगह नुकसान कर सकती है।
- दांतों का ख्याल- संतरे के रस में साइट्रिक एसिड होता है, जो दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए जूस पीने के तुरंत बाद सादे पानी से कुल्ला जरूर करें।
- डायबिटीज- अगर आपको डायबिटीज है, तो जूस की जगह पूरा फल खाना बेहतर है, ताकि आपको फाइबर मिले और ब्लड शुगर अचानक न बढ़े।
(Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।)
















